साहब की डायरी
साहब की डायरी ************** मनोहर को वैसे तो कुछ आता जाता नहीं था लेकिन वह बड़े बड़ों के घर/दफ्तर आता जाता बहुत था, इसलिए उसकी पदोन्नति में कहीं कोई बाधा नहीं आई। साहब को जहां एक की जरूरत थी उसने वहां चार हाजिर किया उसका फायदा यह हुआ कि इसकी फाइल कहीं रुकी नहीं। बाकियों की फाइलें जहां घड़ी के पेंडुलम की तरह बस एक ही खूंटे से बंधी हुई आलमारी से मेज और मेज से आलमारी के बीच हिलती रहीं वहीं मनोहर की फाइल शोएब अख्तर के गेंद की तरह जैसे ही साहब के पास पहुंची तो उन्होंने रूम बनाकर फाइल को फुलटोस पर लिया और सीधे हाईकमान के हाथों में पहुंचा दिया। साहब मेहरबान तो चपरासी पहलवान... मनोहर ने भूसी को भी दाल कहकर चलाया तो वह चल गई। बाकी की दाल जल गई और इनकी गल गई। इन्होंने राई को पहाड़ कहा तो वह अकाट्य सत्य हो गया। इन्होंने बेहया के फूल को भी गुलाब कहा तो फिर गुलाब जल की जगह बेहया जल बनाया जाने लगा। इन्होंने ऊंटनी के दूध को गाय का कहकर चलाया तो उसी का पंचामृत बनाया जाने लगा। मनोहर को वैसे तो घुईयां छीलने की भी तमीज नहीं थी लेकिन कटहल मिल गया था काटने के लिए। अब क्या काटें और क्या समेटें.....